• Home
  • News
  • 12 Years of the Modi Government: Prominent figures thronged Delhi's temples; CM, Rekha Gupta, and NDA leaders prayed for the PM's long life.

मोदी सरकार के 12 वर्ष: दिल्ली के देवालयों में उमड़े दिग्गज, सीएम रेखा गुप्ता और एनडीए नेताओं ने की पीएम की दीर्घायु की कामना

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 10, 2026 08:06 AM
12 Years of the Modi Government: Prominent figures thronged Delhi's temples; CM, Rekha Gupta, and NDA leaders prayed for the PM's long life.

नई दिल्ली। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने और उनके देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर आज पूरी राजधानी उत्सव के रंग में डूबी नजर आई। बुधवार सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के तमाम प्रसिद्ध मंदिरों और गुरुद्वारों में जाकर विशेष पूजा-अर्चना की। सभी नेताओं ने देश के विकास को नई ऊंचाई पर ले जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की मंगल कामना की। इस ऐतिहासिक दिन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत केंद्र और संगठन के तमाम बड़े नेता अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर शीश नवाते नजर आए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रसिद्ध झंडेवालान देवी मंदिर पहुंचकर मां झंडेवाली के दरबार में विशेष पूजा की और पीएम मोदी के लंबे नेतृत्व काल के लिए प्रार्थना की।

वहीं, स्वाति मालीवाल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंदिर मार्ग स्थित ऐतिहासिक भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान और पीयूष गोयल समेत तमाम दिग्गजों ने भी राजधानी के अलग-अलग प्राचीन मंदिरों में जाकर प्रार्थना की। इस मौके पर स्वाति मालीवाल ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, "आज भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक स्वर्णिम और ऐतिहासिक दिन है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं। इन 12 वर्षों में उनके नेतृत्व ने भारत को नई दिशा, नई गति और नया आत्मविश्वास दिया है।" उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, जम्मू-कश्मीर में विकास का नया अध्याय, विश्वस्तरीय हाईवे नेटवर्क, डिजिटल इंडिया और दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जैसे हर क्षेत्र में भारत ने इन 12 वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। इस महा-उपलब्धि के जश्न के बीच, आज दोपहर 3 बजे राजधानी के 'भारत मंडपम' में एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल बैठक होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में एनडीए शासित सभी 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और देश के सबसे सीनियर नेता एक साथ एक मंच पर इकट्ठा हो रहे हैं। इस महाबैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्र सरकार के सभी अहम रणनीतिकार शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्रियों में उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव और गुजरात के भूपेंद्र पटेल विशेष रूप से पहुंच रहे हैं। साथ ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित एनडीए गठबंधन के सभी प्रमुख सहयोगियों के भी इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है, जहां आगामी विकास योजनाओं और देश के भविष्य का खाका खींचा जाएगा।


संबंधित आलेख: