दिल्ली में शनिवार को सामने आये कोरोना वायरस के 1396 नए मरीज, बढ़कर 31.9% हो गई संक्रमण दर! 5 की मौत
नई दिल्ली. दिल्ली में शनिवार को पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1396 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि संक्रमण दर बढ़कर 31.9% हो गई है. इस दौरान 5 मरीजों की मौत भी हुई है. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 1 मरीज की ही कोरोना की वजह से मौत हुई है, 4 की मौत का प्रारंभिक कारण कोविड-19 नहीं है. नए मरीजों की संख्या में इजाफा होने के साथ राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की तादाद 4631 पहुंच गई है.
इससे पहले, दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड के 1,527 नये मामले सामने आए थे, जबकि शहर में संक्रमण की दर 27.77 फीसदी रही. इस दौरान शहर में कोरोना वायरस संक्रमण से दो लोगों की मौत भी हुई. स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सात महीनों में पहली बार दिल्ली में बुधवार को पहली बार एक दिन में संक्रमितों की संख्या 1,000 को पार कर गई और संक्रमण की दर 23.8 प्रतिशत रही. राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोविड के 1,149 नए मामले आये थे, जबकि संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई थी.
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बीते 13 अप्रैल को आगाह किया था कि अगले कुछ सप्ताह में दिल्ली में कोविड-19 के मामले चरम पर पहुंच सकते हैं. एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. कुमार ने बताया कि अस्पताल में मास्क लगाना अनिवार्य है. दो हजार बिस्तरों वाला यह अस्पताल दिल्ली सरकार के अंतर्गत शहर का सबसे बड़ा अस्पताल है.
डॉ. कुमार ने कहा, ‘बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है, ऐसे में हमें उनके लिए एहतियात बरतने की जरूरत है क्योंकि उनमें बुखार, खांसी-सर्दी, आंखों में संक्रमण और पेट के संक्रमण जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘(कोरोना वायरस का) यह स्वरूप (एक्सबीबी.1.16) बच्चों को ज्यादा प्रभावित कर रहा है. हमारे अस्पताल में 18 दिन के शिशु को भर्ती कराया गया है और वह कोरोना वायरस से संक्रमित है.’