• Home
  • News
  • 250 female students at a school in Bhimtal received reusable sanitary pads from the Asha Foundation; Asha Sharma provided information on the prevention of breast and cervical cancer.

भीमताल के हरमन माइनर स्कूल में 250 छात्राओं को आशा फाउंडेशन की ओर से मिले री-यूज़ेबल सैनिटरी पैड,आशा शर्मा ने स्तन और सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी

editor
  • Kanchan Verma
  • August 02, 2026 05:08 AM
250 female students at a school in Bhimtal received reusable sanitary pads from the Asha Foundation; Asha Sharma provided information on the prevention of breast and cervical cancer.

बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भीमताल स्थित एचजीएस हरमन माइनर स्कूल में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आशा फाउंडेशन की ओर से विद्यालय की करीब 250 छात्राओं को निःशुल्क री-यूज़ेबल सैनिटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता, स्तन कैंसर और सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की समय रहते पहचान एवं बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यशाला में आशा शर्मा ने छात्राओं को स्वयं स्तन परीक्षण (सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन) की प्रक्रिया समझाई और नियमित रूप से इसकी जांच करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं से कहा गया कि वे यह जानकारी अपने परिवार की महिलाओं तक भी पहुंचाएं, ताकि गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार संभव हो सके।

 


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपयोग किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए सैनिटरी पैड इंसीनरेटर भी स्थापित किया गया। यह मशीन नैनीताल बैंक के सहयोग से लगाई गई, जिससे मासिक धर्म से जुड़े अपशिष्ट का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा सके।
आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा ने कहा कि संस्था लंबे समय से महिलाओं और किशोरियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रही है। उनका मानना है कि यदि आज की युवा पीढ़ी स्वास्थ्य के प्रति सजग होगी तो आने वाली पीढ़ियां भी अधिक स्वस्थ और सशक्त बनेंगी।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से मुन्नी तिवारी, बच्चे सिंह नेगी, वीरेंद्र आर्य और निखिल मनराल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: