• Home
  • News
  • A deadly night: Five major road accidents in Rajasthan, Gujarat, Bihar, UP, and Haryana; 25 people, including children, lose their lives.

खूनी साबित हुई बीती रातः राजस्थान, गुजरात, बिहार, यूपी और हरियाणा में पांच बड़े सड़क हादसे! बच्चों समेत 25 ने गंवाई जान

editor
  • Awaaz Desk
  • November 22, 2026 06:11 AM
A deadly night: Five major road accidents in Rajasthan, Gujarat, Bihar, UP, and Haryana; 25 people, including children, lose their lives.

नई दिल्ली। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात देश के चार अलग-अलग राज्यों—राजस्थान, गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हुए पांच भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हृदयविदारक दुर्घटनाओं में बच्चों और महिलाओं समेत कुल 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कहीं धार्मिक यात्रा से लौटते समय चालक को आई झपकी काल बन गई, तो कहीं शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

राजस्थान में दो बड़े हादसे, 12 श्रद्धालुओं की मौत
राजस्थान में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो बड़े सड़क हादसे हुए। पहला हादसा कोटा जिले के नाता पुलिस थाना क्षेत्र स्थित शंभूपुरा गांव के पास हुआ। खाटू श्यामजी के दर्शन कर धार लौट रहे एक परिवार की क्रूजर गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस भीषण टक्कर में बच्चों समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। घायल परिजनों ने बताया कि वे कई गाड़ियों में सफर कर रहे थे; तीन गाड़ियां आगे निकल गई थीं, जबकि पीछे रह गई गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। वहीं, राजस्थान का दूसरा हादसा जोधपुर में हुआ, जहां गुजरात से रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं की कार और ट्रैवल टेम्पो में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुजरात के कच्छ में उजड़ा उत्तराखंड का आर्मी परिवार
सबसे दिल दहला देने वाला हादसा गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर और कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए। इस हादसे में छोटे बच्चों और महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई। मृतक उत्तराखंड के एक आर्मी परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो कच्छ घूमने आए थे। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बिहार में बारात से लौटते समय चार की मौत
बिहार में रविवार को शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो को अनियंत्रित हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास हुआ। स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया है।

यूपी और हरियाणा में भी सड़क पर बिखरा खून
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) पर रविवार को दिल्ली से वाराणसी जा रही एक बेकाबू डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उधर, हरियाणा के करनाल में मॉडल टाउन के नजदीक ज्वेल्स रोड पर दो कारों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


संबंधित आलेख: