• Home
  • News
  • A facade of friendship, a birthday party as a ruse, and then a murderous act! Driven by an old enmity, a plan to kill was hatched; the victim, 22-year-old Mohit Sharma, was then taken to a secluded spot and brutally murdered.

दोस्ती का दिखावा, बर्थडे पार्टी का बहाना और फिर खूनी खेल! पुरानी रंजिश में पहले बनाई हत्या की योजना, फिर सुनसान जगह ले जाकर 22 वर्षीय मोहित शर्मा की बेरहमी से कर दी हत्या

editor
  • Awaaz Desk
  • July 02, 2026 09:07 AM
A facade of friendship, a birthday party as a ruse, and then a murderous act! Driven by an old enmity, a plan to kill was hatched; the victim, 22-year-old Mohit Sharma, was then taken to a secluded spot and brutally murdered.

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित शांतिनगर में बुधवार देर रात हुई वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महज 22 वर्षीय मोहित शर्मा की उसके ही परिचित युवकों ने कथित तौर पर जन्मदिन की पार्टी के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राजमार्ग जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब ढाई बजे मोहित शर्मा अपने कुछ परिचित युवकों के साथ घर के पास एक सुनसान स्थान पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उसे जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर बुलाया था। वहां चार से पांच युवक मौजूद थे और सभी ने साथ बैठकर शराब पी। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शराब पार्टी के दौरान ही माहौल अचानक बदल गया। आरोपियों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत मोहित पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके पेट, छाती और गले पर कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या अचानक नहीं हुई बल्कि लंबे समय से रची जा रही साजिश का हिस्सा थी। बताया गया कि कुछ दिन पहले मोहित का मोहल्ले के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और देखने में ऐसा लग रहा था कि मामला खत्म हो चुका है। लेकिन परिजनों का दावा है कि आरोपी अंदर ही अंदर बदला लेने की योजना बना रहे थे। उन्होंने पहले भी मोहित को कथित तौर पर खाटू श्याम और हरिद्वार जैसे स्थानों पर साथ ले जाकर हत्या की कोशिश की थी, लेकिन उस समय सफल नहीं हो सके। आखिरकार जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उन्होंने अपने इरादे को अंजाम दे दिया।

भाई का आरोप-पहले से बना रखी थी हत्या की योजना
मोहित के भाई ने मीडिया को बताया कि आरोपियों ने पहले दोस्ती का दिखावा किया और फिर विश्वास में लेकर उसे पार्टी में बुलाया। वहां शराब पिलाने के बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया। परिजनों के अनुसार, मोहित के सीने और पेट पर कई वार किए गए। हमला इतना क्रूर था कि गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का कहना है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित हत्या है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। सूचना पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी। सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति
हत्या से नाराज परिजनों और बस्ती के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने राजमार्ग जाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब 35 मिनट बाद लोगों ने जाम समाप्त कियाए जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।


संबंधित आलेख: