• Home
  • News
  • A flood of tourists in Mussoorie, the 'Queen of the Hills': Markets bustle during the long holidays, but severe traffic jams and a parking crisis have become a cause for concern.

पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों का सैलाब: लंबी छुट्टियों से गुलजार हुए बाजार, लेकिन भारी जाम और पार्किंग संकट ने बढ़ाई फिक्र

editor
  • Tapas Vishwas
  • November 11, 2026 07:11 AM
A flood of tourists in Mussoorie, the 'Queen of the Hills': Markets bustle during the long holidays, but severe traffic jams and a parking crisis have become a cause for concern.

मसूरी। नवंबर माह में लगातार मिल रही लंबी छुट्टियों और सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी में पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद से वीकेंड्स और छुट्टियों के दौरान मसूरी पहुँचने वाले पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शहर में सैलानियों की इस भारी आमद से जहाँ स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों और दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में शहर में लग रहे भीषण जाम ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों का पसीना छुड़ा दिया है।

पहाड़ों की रानी मसूरी में नवंबर माह की लंबी छुट्टियों ने पर्यटन कारोबार में नई जान फूंक दी है। मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ सुहावने मौसम का आनंद लेने मसूरी पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदारों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक है, लेकिन इसी भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था की परीक्षा भी ले ली है। प्रमुख मार्गों, बाजारों और पर्यटन स्थलों के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से लगातार जाम लग रहा है। हालात ऐसे हैं कि पर्यटकों को कई-कई घंटे सड़क पर फंसने के बाद अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी गौरव अग्रवाल और अनिल सिंह अन्नु का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या से मसूरी के व्यापार को गति मिलती है और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलते हैं। नवंबर में लगातार मिल रही छुट्टियों के कारण शहर में पर्यटकों की अच्छी आमद हुई है, लेकिन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यवस्थाओं को मजबूत करना भी जरूरी है। उनका कहना है कि दिल्ली-देहरादून द्रुतगामी मार्ग बनने के बाद वीकेंड और लंबी छुट्टियों में मसूरी आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग का अभाव सबसे बड़ी समस्या बनता जा रहा है। यदि समय रहते इसका समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ मुश्किलें भी बढ़ेंगी। मसूरी व्यापार मंडल के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने शहर में पुलिस बल की कमी को यातायात व्यवस्था बिगड़ने का एक बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि वीकेंड और लंबी छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, लेकिन उस अनुपात में पुलिस बल और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था नहीं दिखाई देती। ऐसे विशेष अवसरों पर प्रशासन को पहले से योजना बनाकर पर्याप्त पुलिसकर्मियों और सक्षम अधिकारियों की तैनाती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटक मसूरी में सुकून और खूबसूरत यादें लेकर जाने की उम्मीद से पहुंचते हैं, लेकिन यदि उन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़े तो उनकी यात्रा का अनुभव खराब हो जाता है। इससे मसूरी की पर्यटन नगरी के रूप में छवि भी प्रभावित हो सकती है। मसूरी कोतवाल नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि इस बार शहर में पर्यटकों की अप्रत्याशित भीड़ देखने को मिल रही है। इसके बावजूद पुलिस के सभी जवान मिलकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, जाम लगने की स्थिति में उसे खुलवाने और यातायात सामान्य करने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है। हालांकि मसूरी की भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित सड़कें और पर्याप्त पार्किंग का अभाव यातायात बाधित होने के प्रमुख कारण हैं। वाहनों की संख्या के अनुरूप पार्किंग उपलब्ध नहीं होने से सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी हो जाती हैं और इससे आवागमन प्रभावित होता है। कोतवाल ने बताया कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में जिला प्रशासन ने मसूरी में पार्किंग निर्माण के लिए 41 स्थान चिह्नित किए हैं। नगर पालिका की ओर से छोटी और मोहल्ला स्तर की पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके साथ ही सरकारी स्तर पर बड़ी पार्किंग बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस बल की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है और पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या पर्यटन कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत है, लेकिन इसके साथ यातायात, पार्किंग और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है। द्रुतगामी मार्ग से सफर आसान होने के बाद पहाड़ों की रानी पहुंचने वालों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में केवल भीड़ बढ़ना पर्यटन की सफलता नहीं माना जा सकता। पर्यटकों को सुगम आवागमन, सुरक्षित सड़कें और पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध कराना भी जरूरी है। अब देखना होगा कि चिह्नित 41 पार्किंग स्थलों की योजना कितनी जल्दी धरातल पर उतरती है और प्रशासन आगामी पर्यटन सीजन से पहले जाम की समस्या पर कितना नियंत्रण कर पाता है।


संबंधित आलेख: