रूह कपाने वाला हादसाः काल बनकर आई बस और थम गई सांसे! यूपी के बाराबंकी में बड़ा सड़क हादसा, आठ लोगों की मौत, 18 से अधिक लोग घायल
यूपी के बाराबंकी से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, यहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी व चीख-पुकार मच गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

जानकारी के अनुसार हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास हुआ है। दोनों बस बिहार से दिल्ली जा रही थीं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं। रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। घायलों को बाराबंकी के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुपरी कस्बे से रविवार को एक डबल डेकर बस (UP 17 AT 1353) दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सोमवार की सुबह 4 बजे ये बस बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास खड़ी थी। बस में सवार यात्री यूपीडा की कैंटीन में चाय-नाश्ता कर रहे थे। आधे घंटे बाद 4:50 बजे अचानक तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बस ने डबल डेकर बस को टक्कर मार दी। हादसे में मरने वाले सभी टक्कर मारने वाली बस में सवार बताए जा रहे हैं, जो बिहार से दिल्ली जा रहे थे।
घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। जिन यात्रियों को हल्की चोटें आई थी, उनका CHC हैदरगढ़ में इलाज कराकर घर भेजा गया है। वहीं बचे यात्रियों को उनके घर भेजने के लिए गाड़ी की व्यवस्था कराई जा रही है।