• Home
  • News
  • A heartbreaking fire broke out in Haldwani: A massive fire broke out at an Amazon store at midnight! Two employees sleeping inside were burned to death, goods and vehicles worth lakhs destroyed.

हल्द्वानी में दिल दहला देने वाला अग्निकांड: अमेजन स्टोर में आधी रात लगी भीषण आग! अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत, लाखों का सामान और वाहन खाक

editor
  • Awaaz Desk
  • June 06, 2026 05:06 AM
A heartbreaking fire broke out in Haldwani: A massive fire broke out at an Amazon store at midnight! Two employees sleeping inside were burned to death, goods and vehicles worth lakhs destroyed.

हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़े अग्निकांड ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां स्थित अमेजन के स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से अंदर मौजूद दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देर रात तक पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। जानकारी के अनुसार रामपुर रोड स्थित अमेजन के स्टोर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। स्टोर के समीप स्थित ब्लिंकिट के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही एसपी सिटी मनोज कत्याल भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि स्टोर के भीतर प्रवेश करना मुश्किल हो गया। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। जब आग पर नियंत्रण पाया गया तो अंदर मौजूद दो कर्मचारियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारी स्टोर के भीतर सो रहे थे और आग लगने के बाद बाहर नहीं निकल सके। आग और धुएं की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र तथा पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने उनके परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया।

लाखों का सामान और वाहन भी जले
अग्निकांड में स्टोर के भीतर रखा भारी मात्रा में डिलीवरी का सामान, पार्सल और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और वहां खड़ा एक मालवाहक टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। शुरुआती आकलन के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। फायर विभाग और पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल आग के स्रोत, सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्टोर में मौजूद विद्युत उपकरणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो कर्मचारियों की जान जा चुकी थी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।


संबंधित आलेख: