पिथौरागढ़ में दिल दहला देने वाली वारदातः शादी समारोह के बीच पति ने मामूली विवाद में पत्नी की ली जान! मातम में बदलीं शादी की खुशियां
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। यह वारदात अस्कोट थाना क्षेत्र के घिंघरानी गांव में बुधवार रात उस समय हुई, जब पूरे गांव में एक शादी समारोह की खुशियां मनाई जा रही थीं। इस घटना के बाद न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल फैल गया है। जानकारी के अनुसार नेपाल सीमा के पास स्थित द्वालीसेरा गांव में एक शादी कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें गांव के कई लोग शामिल थे। इसी कार्यक्रम में 50 वर्षीय भुवन प्रसाद अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि भुवन प्रसाद ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी तब सामने आई जब आरोपी के परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां गीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भय का माहौल बना हुआ है। गांव में जहां कुछ समय पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।