दूसरी शादी की चाहत में खौफनाक अंत: विदेश से लौटते ही ससुराल पहुंचा पति, पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतारकर फरार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ विदेश (सऊदी अरब) से नौकरी कर लौटे एक सनकी पति ने अपने ही ससुराल में सो रही पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में हुई है, जो पिछले एक महीने से ससुराल के प्रताड़न से तंग आकर अपने मायके में रह रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घर के पिछले दरवाजे से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रिंकू देवी का पति मनोज भगत विदेश में रहकर नौकरी करता था। वह हाल ही में वतन वापस लौटा था। शुक्रवार की शाम वह अपनी पत्नी से मिलने अचानक अपने ससुराल नवादा गांव पहुंचा। रात में पूरे परिवार ने सामान्य रूप से खाना खाया और सभी लोग सोने चले गए। मृतका की बहन ने रोते हुए बताया कि मनोज अपने साथ बैग में एक बड़ा चाकू (धारदार हथियार) छिपाकर लाया था। देर रात जब घर के सभी लोग गहरी नींद में थे, तब मनोज ने सो रही रिंकू पर हमला कर दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया। रिंकू की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद विलाप कर रही मृतका की मां और बहनों ने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। मृतका की मां ने कहा "मेरी बेटी को उसके ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उसे बेरहमी से पीटा जाता था और कई बार कई-कई दिनों तक खाना भी नहीं दिया जाता था। ससुराल के लोग अपने बेटे मनोज की दूसरी शादी करवाना चाहते थे। रिंकू उनके रास्ते का रोड़ा बनी हुई थी, इसीलिए साज़िश के तहत मेरी बेटी की हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से गंभीर विवाद चल रहा था। ससुराल पक्ष को रिंकू पसंद नहीं थी, जिसे लेकर पूर्व में कई बार सामाजिक स्तर पर पंचायतें भी हो चुकी थीं। परिजनों ने बताया कि उन्होंने प्रताड़ना से तंग आकर पहले भी स्थानीय पुलिस से लिखित शिकायत की थी। उस समय पुलिस ने यह कहकर मामला टाल दिया था कि जब पति विदेश से लौटकर आएगा, तब दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर समझौता करा दिया जाएगा। लेकिन पुलिस का यह इंतजार पीड़ित परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ और मनोज ने समझौते की मेज पर बैठने के बजाय सीधे हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मुजफ्फरपुर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अभिजीत कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया नवादा गांव में महिला की हत्या की प्रारंभिक जांच से मामला पूरी तरह से गंभीर घरेलू विवाद और आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की तलाश जारी है। आरोपी मनोज भगत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।"