• Home
  • News
  • A new chapter in digital politics: The "Cockroach Janata Party" created history in 6 days! With 12.3 million followers, they outperformed the BJP on Instagram. Learn the full story of Abhijeet Dipke.

डिजिटल राजनीति का नया अध्याय: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने 6 दिन में रचा इतिहास! 1.23 करोड़ फॉलोअर्स के साथ भाजपा को इंस्टाग्राम पर दी मात, जानिए अभिजीत दीपके की पूरी कहानी

editor
  • Awaaz Desk
  • May 21, 2026 09:05 AM
A new chapter in digital politics: The "Cockroach Janata Party" created history in 6 days! With 12.3 million followers, they outperformed the BJP on Instagram. Learn the full story of Abhijeet Dipke.

नई दिल्ली। सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक नया नाम तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से शुरू हुआ एक ऑनलाइन व्यंग्य अभियान कुछ ही दिनों में इतना बड़ा डिजिटल ट्रेंड बन गया कि उसने देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ दिया। लॉन्च के महज 6 दिनों के भीतर इस अकाउंट ने 1.23 करोड़ फॉलोअर्स जुटाकर सोशल मीडिया की दुनिया में एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इस अप्रत्याशित उछाल ने न केवल राजनीतिक विश्लेषकों को चौंकाया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि आज के दौर में युवाओं की डिजिटल ताकत किसी भी स्थापित राजनीतिक संगठन को चुनौती देने की क्षमता रखती है। इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty नाम से चल रहे इस अकाउंट ने 20 मई तक 9.3 मिलियन यानी 93 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया। इसके मुकाबले भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल @bjp4india के करीब 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

हालांकि सोशल मीडिया की इस दौड़ में कांग्रेस फिलहाल सबसे आगे बनी हुई है। कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @incindia पर लगभग 13.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत 16 मई को हुई थी। बताया जा रहा है कि यह अभियान युवाओं द्वारा चलाया जा रहा एक व्यंग्यात्मक आंदोलन है, जिसकी शुरुआत सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी के बाद हुई। इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई और युवाओं के एक समूह ने इसे व्यंग्य के जरिए जवाब देने का फैसला किया। शुरुआत में यह अभियान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मजाकिया अंदाज में शुरू हुआ। कुछ ही घंटों में यह पोस्ट वायरल होने लगीं और युवाओं के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन गईं। अगले ही दिन इसका इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च किया गया और उसके बाद इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई।

यह प्लेटफॉर्म खुद को ‘युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच’ बताता है। इसके पोस्ट मुख्य रूप से देश के युवाओं से जुड़े उन मुद्दों पर केंद्रित रहे हैं, जो लंबे समय से चर्चा का विषय बने हुए हैं। इनमें बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों की कमी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, राजनीतिक जवाबदेही और युवाओं के भविष्य को लेकर बढ़ती चिंता जैसे विषय प्रमुख हैं। यही वजह है कि यह अभियान बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया यूजर्स को आकर्षित करने में सफल रहा। इस अकाउंट की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च के सिर्फ 78 घंटे के भीतर इसके 30 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। इसके बाद यह संख्या लगातार बढ़ती रही और चार दिनों के भीतर 90 लाख के पार पहुंच गई।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इस अकाउंट पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही शेयर किए गए हैं। इसके बावजूद इसने कई पुराने और स्थापित राजनीतिक संगठनों के सोशल मीडिया प्रभाव को सीधी चुनौती दे दी है। तुलना करें तो भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर अब तक 18 हजार से ज्यादा पोस्ट शेयर की जा चुकी हैं, लेकिन फॉलोअर्स के मामले में यह नया व्यंग्य मंच उससे आगे निकल गया। भाजपा को इंस्टाग्राम पर पीछे छोड़ने के बाद इस अभियान ने सोशल मीडिया पर कई तंज भरे पोस्ट भी साझा किए। एक पोस्ट में लिखा गया— “युवाओं की ताकत को कम मत आंकिए।” वहीं दूसरे पोस्ट में लिखा गया— “World Largest Party, they said…”। इन पोस्ट्स को लाखों लाइक्स और हजारों कमेंट्स मिले, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने व्यवस्था, बेरोजगारी और राजनीतिक जवाबदेही को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इंस्टाग्राम के अलावा यह अभियान दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर भी तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस अकाउंट के करीब 1.65 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड केवल एक मजाकिया सोशल मीडिया अभियान नहीं है, बल्कि यह युवाओं के भीतर बढ़ती नाराजगी और सोशल मीडिया आधारित राजनीतिक अभिव्यक्ति का स्पष्ट संकेत है। विशेषज्ञों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी पारंपरिक राजनीतिक आंदोलनों की बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अपनी बात रखने में ज्यादा सहज महसूस करती है। मीम्स, व्यंग्य और वायरल अभियानों के जरिए वे अपनी असहमति को बेहद प्रभावी ढंग से सामने ला रहे हैं। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया पर संगठित युवा शक्ति किसी भी बड़े राजनीतिक नैरेटिव को चुनौती दे सकती है। अब देखना यह होगा कि यह व्यंग्यात्मक अभियान कुछ दिनों का ट्रेंड बनकर रह जाता है या भारतीय राजनीति में डिजिटल अभिव्यक्ति के एक नए अध्याय की शुरुआत करता है।

जानें कौन हैं पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके?

कॉकरोच जनता पार्टी महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने बनाई है। इसका नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’  अभिजीत अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। वो 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं। उन्होंने एक एक समाचार चैनल को बताया, 'मैं X पर CJI का बयान देख रहा था, जहां पर वो सिस्टम की आलोचना करने और राय देने के लिए देश के युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से कर रहे थे। सोशल मीडिया पर मैंने इस पर अपनी राय दी। मैंने पूछा कि सब कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा। मुझे Gen Z और 25 साल तक के युवाओं के कमाल के जवाब मिले। उन्होंने कहा कि हमें साथ आना चाहिए और एक प्लेटफॉर्म बनाना चाहिए। फिर क्या था मैंने CJP बना ली।


संबंधित आलेख: