• Home
  • News
  • A new twist in the DAV College hate speech controversy: Haryanvi singer Masoom Sharma arrives at the Dehradun SSP office! He presents his side to the police, and further action will be taken after the statements are verified.

डीएवी कॉलेज अभद्र भाषा विवाद में नया मोड़: हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पहुंचे देहरादून एसएसपी कार्यालय! पुलिस के सामने रखा पक्ष, अब बयानों की जांच के बाद होगी अगली कार्रवाई

editor
  • Awaaz Desk
  • May 22, 2026 12:05 PM
A new twist in the DAV College hate speech controversy: Haryanvi singer Masoom Sharma arrives at the Dehradun SSP office! He presents his side to the police, and further action will be taken after the statements are verified.

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र भाषा प्रयोग मामले में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा आखिरकार पुलिस जांच में शामिल हो गए। दो बार नोटिस जारी होने के बाद शुक्रवार को मासूम शर्मा खानपुर विधायक उमेश शर्मा के साथ देहरादून एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस अब उनके बयान का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। दरअसल, 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज में छात्रसंघ के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें हरियाणवी गायक मासूम शर्मा विशेष प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद मासूम शर्मा ने मंच से कथित तौर पर एक अज्ञात व्यक्ति का जिक्र करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों के बीच इसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया। स्थिति बिगड़ती देख कार्यक्रम में मौजूद खानपुर विधायक उमेश शर्मा ने मंच पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और माहौल शांत कराने की कोशिश की। हालांकि मामला बढ़ने पर छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी और अधिवक्ता संदीप मोहन चमोली की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला में मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता (धारा 296), महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना (धारा 79) और आपराधिक धमकी (धारा 351) जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। विवाद तूल पकड़ने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर घटना पर सफाई दी थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि उस समय उनका गुस्सा नियंत्रण से बाहर हो गया था और इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। बावजूद इसके पुलिस ने कानूनी कार्रवाई जारी रखी और बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें दो बार नोटिस भेजा गया। हालांकि व्यस्त कार्यक्रमों का हवाला देते हुए वह पहले उपस्थित नहीं हो सके थे। शुक्रवार को आखिरकार मासूम शर्मा खानपुर विधायक उमेश शर्मा के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और जांच अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा। इस दौरान विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि यह पूरी तरह कानून की प्रक्रिया है और हर नागरिक को कानून का सम्मान करते हुए जांच में सहयोग करना चाहिए। मासूम शर्मा आज इसी प्रक्रिया के तहत बयान दर्ज कराने आए हैं। वहीं एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि कोतवाली डालनवाला में दर्ज मुकदमे के संबंध में मासूम शर्मा के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस उनके बयानों का परीक्षण कर रही है और आगे की कार्रवाई सीओ डालनवाला एवं विवेचक स्तर से नियमानुसार की जाएगी।


संबंधित आलेख: