• Home
  • News
  • A power bank explosion on a Hyderabad-Chandigarh IndiGo flight caused panic. The cabin filled with smoke after landing. More than 200 passengers were evacuated by opening emergency exits.

हैदराबाद-चंडीगढ़ IndiGo फ्लाइट में पावर बैंक विस्फोट से मचा हड़कंप, लैंडिंग के बाद धुएं से भरा केबिन, इमरजेंसी एग्जिट खोलकर 200 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

editor
  • Awaaz Desk
  • May 05, 2026 02:05 PM
A power bank explosion on a Hyderabad-Chandigarh IndiGo flight caused panic. The cabin filled with smoke after landing. More than 200 passengers were evacuated by opening emergency exits.

नई दिल्ली। हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लैंडिंग के तुरंत बाद विमान के अंदर धुआं फैलने लगा। फ्लाइट ने दोपहर करीब 3ः29 बजे शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की थी, लेकिन इसके कुछ ही मिनट बाद एक अप्रत्याशित घटना ने यात्रियों की सांसें थाम दीं। विमान में कुल 198 यात्री, दो बच्चे और 6 क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के बाद जब विमान बे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था, तभी सीट 39सी पर बैठे एक यात्री ने अपने पावर बैंक में आग लगने की सूचना दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पावर बैंक में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे केबिन के भीतर तेजी से धुआं फैलने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए क्रू मेंबर्स ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बिना समय गंवाए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक धुआं पूरे केबिन में फैल चुका था। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इमरजेंसी घोषित की गई और करीब 3ः35 बजे विमान का इमरजेंसी एग्जिट खोल दिया गया। इसके बाद यात्रियों को स्लाइड के जरिए तेजी से बाहर निकाला गया। इस अफरा-तफरी के बीच सीट 25एफ पर बैठी एक महिला यात्री को हल्की चोट आई, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड 3ः38 बजे मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में लाई जा चुकी थी। विशेषज्ञों का मानना है कि पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में लिथियम बैटरी होती है, जो कभी-कभी ओवरहीट या शॉर्ट सर्किट के कारण आग पकड़ सकती है। ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई करना बेहद जरूरी होता है, जो इस घटना में क्रू मेंबर्स ने बखूबी किया। हालांकि घटना ने यात्रियों को कुछ देर के लिए दहशत में जरूर डाल दिया, लेकिन क्रू की तत्परता और समन्वय से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
 


संबंधित आलेख: