बागेश्वर में संस्कृत का रंगारंग संगमः श्लोक, संवाद, नृत्य और सुरों से गूंजा परिसर! जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
बागेश्वर। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में बुधवार को पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संस्कृत नृत्य, नाटक, समूह गान, वाद-विवाद, श्लोकोच्चारण और आशु भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जनपद संयोजक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में संस्कृत नृत्य, संस्कृत नाटक, संस्कृत समूह गान, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत श्लोकोच्चारण और संस्कृत आशु भाषण सहित छह विधाओं में छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 23 एवं 24 अक्तूबर को हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बागेश्वर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को कनिष्ठ वर्ग की छह प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि एक अक्तूबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जनपद स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को कुल 37,800 रुपये की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। कनिष्ठ वर्ग के प्रारंभिक परिणाम में संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता में जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में जनपद सह-संयोजक पंकज प्रसाद भट्ट, यशोदा जोशी, कमला गोस्वामी, दिनेश जोशी, किरण वाणी, वसंत, बबीता, राजेश्वरी, दीपक जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश कांडपाल एवं मोहन चंद्र जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
