कार्रवाईः ‘पतली कमरिया’ गाने पर रील बनाना महिला पुलिस कर्मियों को पड़ा भारी! एसएसपी ने किया लाइन हाजिर, वायरल होते ही चर्चाओं में आई महिला आरक्षी
लखनऊ। ‘पतली कमरिया’ गाने पर रील बनाना महिला पुलिस कर्मियों को भारी पड़ गया। एसएसपी मुनिराज जी ने चार महिला आरक्षियों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामला अयोध्या के रामनगरी का है, जहां चार महिला आरक्षियों ने ‘पतली कमरिया’ गाने पर रील बनाते हुए ठुमके लगाए। यह महिला आरक्षी रामजन्म भूमि की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थीं। महला सिपाहियों का ठुमके लगाते रील सात दिसंबर की बताई जा रही है, जो गुरुवार को प्रसारित हुई तो महकमें में चर्चा का विषय बन गया। जिसके बाद महिला सिपाहियों के खिलाफ एसएसपी ने सख्ती कर यह कार्रवाई की है। लाइन हाजिर महिला सिपाहियों में कोतवाली अयोध्या की आरक्षी कविता पटेल, कुमारगंज की आरक्षी कामिनी कुशवाहा, तारुन थाना की आरक्षी कशिश साहनी व गोसाईंगंज थाना की आरक्षी संध्या सिंह शामिल हैं। लाइन हाजिर सभी महिला सिपाही अपने- अपने थाने से रामजन्मभूमि की सुरक्षा ड्यूटी में भेजी गईं थी। रामजन्मभूमि की सुरक्षा के लिए जिले के सभी थानों से कुछ महीनों के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो पुराना है, लेकिन यह कृत्य कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत है। इस लिए कार्रवाई हुई है। एसएसपी ने इन महिला आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन में आमद कराने का आदेश दिया है।