आदि कैलाश यात्रा 2026 का शुभारंभः हल्द्वानी से रवाना हुआ पहला जत्था चौकोड़ी पहुंचा! 20 श्रद्धालुओं में दिखी देश की विविधता
पिथौरागढ़। आध्यात्मिक ऊर्जा और हिमालयी आस्था का प्रतीक आदि कैलाश यात्रा 2026 का विधिवत आगाज़ हो गया है। इसी क्रम में यात्रा के पहले दल के 20 यात्रियों का जत्था हल्द्वानी से प्रस्थान कर प्रसिद्ध पर्यटन नगरी चौकोड़ी पहुंच चुका है। कुमाऊं मंडल विकास निगम और स्थानीय प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया, जिससे यात्री अभिभूत नजर आए। प्रथम दल में भारत की विविधता की झलक देखने को मिल रही है। कुल 20 श्रद्धालुओं के इस जत्थे में 13 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। राज्यवार आंकड़ों पर गौर करें तो सर्वाधिक 11 यात्री गुजरात से हैं, जबकि देश की राजधानी दिल्ली से 5, देवभूमि उत्तराखंड से 2, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र से 1-1 श्रद्धालु इस पावन यात्रा का हिस्सा बने हैं। दल में शामिल महाराष्ट्र निवासी 76 वर्षीय करणम मुरली प्रसाद सबसे बुजुर्ग यात्री हैं, जिनका उत्साह युवाओं को भी प्रेरित कर रहा है। हल्द्वानी से 8 मई को रवाना हुआ यह जत्था अब अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ेगा। चौकोड़ी की शांत वादियों में रात्रि विश्राम और प्रकृति का आनंद लेने के बाद, यात्री अब पिथौरागढ़ और धारचूला के दुर्गम लेकिन मनोरम रास्तों से होते हुए आदि कैलाश के दर्शन के लिए आगे बढ़ेंगे। यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर पुख्ता प्रबंध किए हैं ताकि दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।