• Home
  • News
  • All India Farmers' Fair to be organised at Pantnagar University from March 13; farmers from across the country including Nepal to participate

13 मार्च से पंतनगर विवि में सजेगा अखिल भारतीय किसान मेला, नेपाल सहित देशभर के किसान होंगे शामिल

editor
  • Tapas Vishwas
  • March 11, 2026 04:03 PM
All India Farmers' Fair to be organised at Pantnagar University from March 13; farmers from across the country including Nepal to participate

ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में 13 से 16 मार्च तक 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के किसान भी शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार को मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार किसान मेले में उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, फल-फूल और सब्जियों के पौधों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए 350 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले का शुभारंभ सीएम धामी द्वारा किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.मनमोहन चौहानने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चार दिवसीय किसान मेले का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। मेले में किसानों को उन्नत किस्म के बीज, सब्जियों के पौधे और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे किसान खेती को अधिक लाभकारी बना सकें। उन्होंने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 150 बड़े स्टॉल और कई छोटे स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें कृषि, उद्यान, पशुपालन और कृषि तकनीक से जुड़े विभिन्न उत्पाद और उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे।

मेले के दौरान दूर-दराज से आने वाले किसानों के लिए गांधी हॉल में विशेष गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। इन गोष्ठियों में कृषि वैज्ञानिक किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उन्नत बीजों के चयन, फसल प्रबंधन और नई कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे। इसके अलावा किसानों को विश्वविद्यालय के खेतों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जहां वे नई कृषि तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे। मेले में आने वाले किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए वैज्ञानिकों की टीम भी मौजूद रहेगी। किसानों को फसल उत्पादन, रोग नियंत्रण, मिट्टी की उर्वरता और आधुनिक खेती के तरीकों से संबंधित सलाह दी जाएगी। चार दिनों तक चलने वाले इस किसान मेले में लगभग 25 से 30 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। किसानों के ठहरने और विश्राम के लिए भी विश्वविद्यालय परिसर में विशेष व्यवस्था की जा रही है। मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री गणेश जोशी और सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय द्वारा हर वर्ष खरीफ और रबी फसल से पहले साल में दो बार किसान मेले का आयोजन किया जाता है। इन मेलों में देशभर के किसान उन्नत बीजों की खरीदारी करने के साथ-साथ वैज्ञानिकों से आधुनिक खेती के गुर सीखते हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलती है।


संबंधित आलेख: