ऑपरेशन सिंदूर 2.0' के लिए तीनों सेनाएं तैयार,आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी का सबसे बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को सीमा पार बैठे आतंकियों के आकाओं को बेहद कड़ा और सीधा संदेश दिया है। सेना प्रमुख ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि भारत अब 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' की तैयारी कर रहा है। उन्होंने साफ किया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जो आक्रामक रुख अपनाया था, वह आज भी पूरी तरह कायम है। जनरल द्विवेदी ने मौजूदा शांति को केवल दुश्मनी में एक 'अस्थायी विराम' करार दिया है।
पाकिस्तान का सीधे तौर पर नाम लिए बिना भारत की सैन्य तैयारियों की हुंकार भरते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा, "भारतीय सेना और हमारी तीनों सेनाएं (थलसेना, वायुसेना और नौसेना) 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' के लिए पूरी तरह कमर कस रही हैं। यदि भविष्य में ऐसा कोई ऑपरेशन जरूरी हो जाता है, तो हम पूरी ताकत से जवाब देंगे। फिलहाल, हमारा पूरा ध्यान तीनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को बढ़ाने और खुद को अगले युद्ध के लिए 24 घंटे (24x7) तैयार रखने पर है। आधुनिक युद्ध तकनीकों और सीमा पर निगरानी का जिक्र करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि आज का युद्धक्षेत्र इतना पारदर्शी और खुला हो चुका है कि हर एक हरकत की जानकारी दूसरी तरफ बैठे दुश्मन को तुरंत मिल जाती है। ऐसी स्थिति में हमें अपनी सैन्य तैनाती, हथियारों के इस्तेमाल और अपने जांबाज सैनिकों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा के मामले में अत्यधिक सतर्क और सावधान रहना होगा। जनरल द्विवेदी ने आधुनिक काल में 'इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर' की अहमियत पर बात करते हुए कहा कि कोई भी सूचना युद्ध तभी सफल होता है, जब पूरा देश एक साझा नैरेटिव के पीछे चट्टान की तरह एकजुट हो जाए। उन्होंने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा, "सूचना युद्ध में जीत तभी संभव है जब पूरा देश एकजुट होकर जानकारी देने वाले तंत्र और देश के सुरक्षा बलों पर अटूट भरोसा करे। जो देश एक-दूसरे पर और अपने सभी हितधारकों पर भरोसा रखता है, वह हर युद्ध हमेशा जीतता है। गौरतलब है कि दक्षिण कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम की बैसरन घाटी में पाकिस्तान-समर्थित आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इस कायरतापूर्ण हमले के कड़े जवाबी सैन्य कदम के तौर पर भारतीय सेना ने पिछले साल 7 और 8 मई की दरमियानी रात को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। आर्मी चीफ के ताजा बयान से साफ है कि पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का एक्शन अभी रुका नहीं है, बल्कि एक बड़े और अधिक मारक 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' का ब्लूप्रिंट पूरी तरह तैयार हो चुका है।