अजग-गजबः हाथ में हथकड़ी और साथ में पुलिसवाला! जब ठेके पर शराब खरीदने पहुंचा मुजरिम, सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर ने पुलिस पर उठाए सवाल
लखनऊ। यूपी के हमीरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जो पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। तस्वीर में हथकड़ी लगाए मुजरिम अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब खरीदता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं उसके पीछे पुलिसकर्मी खड़ा हुआ है। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने जांच के आदेश जारी किए हैं। उनका कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। दरअसल मामला जिले के कुरारा थाना का है। सीआरपीसी 151 के मामले के मुजरिम को अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया था। थाने से दो पुलिसकर्मी उसे लेकर गए हुए थे। हमीरपुर शहर में आने के बाद यह मुजरिम अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने रुक गया और शराब खरीदने लगा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी मुजरिम के साथ खड़ा हुआ था। हथकड़ी लगाए इस मुजरिम के साथ वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी भी था, जो शराब शराब खरीदने में मदद कर रहा था। तभी किसी ने इस नजारे को कैमरे में कैद कर लिया और तस्वीर को वायरल कर दिया। तस्वीर के वायरल होने के बाद पुलिस की फजीहत होने लगी।