• Home
  • News
  • Ankita Bhandari murder case: Parents reach Matri Sadan in search of justice; demand a narco test for Pulkit Arya’s father.

अंकिता भंडारी हत्याकांडः न्याय की आस में मातृ सदन पहुंचे माता-पिता! पुलकित आर्य के पिता के नार्को टेस्ट की उठाई मांग

editor
  • Awaaz Desk
  • November 18, 2026 09:11 AM
Ankita Bhandari murder case: Parents reach Matri Sadan in search of justice; demand a narco test for Pulkit Arya’s father.

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की लड़ाई लड़ रहे उनके माता-पिता बुधवार को हरिद्वार स्थित मातृ सदन पहुंचे। यहां उन्होंने मातृ सदन के संस्थापक स्वामी शिवानंद सरस्वती से मुलाकात कर अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए सहयोग और समर्थन मांगा। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अंकिता के परिजनों ने मामले के मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता और पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने की पुरजोर मांग उठाई। मातृ सदन में हुई इस मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने सरकार और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। परिजनों का कहना था कि घटना को इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद परिवार को कई अनसुलझे सवालों के जवाब नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह लड़ाई केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे चाहते हैं कि इस जघन्य अपराध से जुड़े हर पहलू और तथ्य का पूरी तरह से पर्दाफाश हो। परिजनों ने मांग की कि मामले की गहराई से निष्पक्ष जांच की जाए ताकि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचने का मौका न मिल सके। वहीं, अंकिता के माता-पिता की पीड़ा सुनने के बाद स्वामी शिवानंद सरस्वती ने परिवार की मांगों का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए मातृ सदन पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ा है।


संबंधित आलेख: