अंकिता भंडारी हत्याकांडः पहली बार मीडिया के सामने आए पुलकित आर्य के पिता! 4085 पन्नों की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक कर वीआईपी की भूमिका से किया इनकार
हरिद्वार। उत्तराखंड का बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में है। इस बार विवाद की वजह मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य तथा उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर द्वारा मीडिया के समक्ष दिए गए बयान हैं। रविवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने मामले से जुड़ी 4085 पन्नों की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की। हालांकि, प्रेस वार्ता के दौरान अधिवक्ता द्वारा दिवंगत अंकिता के निजी जीवन और चरित्र को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों ने एक नई सामाजिक और नैतिक बहस को जन्म दे दिया है। पत्रकारों से बातचीत में विनोद आर्य ने दावा किया कि उन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय से अंकिता और उसके मित्र पुष्प के बीच हुई बातचीत की 4085 पन्नों की चैट प्राप्त हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चार्जशीट में शामिल होने के बावजूद एसआईटी ने इस चैट की अनदेखी की। आर्य के अनुसार, चैट से पता चलता है कि अंकिता और पुष्प विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण अंकिता के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने दावा किया कि इसी पारिवारिक प्रताड़ना के चलते अंकिता घर छोड़कर चली गई थी। विनोद आर्य ने कहा कि चैट में कहीं भी पुलकित का नाम नहीं है और जनदबाव व जनभावनाओं के चलते उनके बेटे तथा उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। मामले में किसी वीआईपी की भूमिका को सिरे से खारिज करते हुए विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने कहा कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। आर्य ने आरोप लगाया कि पुलिस कस्टडी में उनके बेटे व साथियों के साथ मारपीट की गई और दो बार उनके रिजॉर्ट को जलाने की कोशिश हुई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि वर्तमान में चल रही सीबीआई जांच में इस 4085 पन्नों की चैट को भी शामिल किया जाए। दूसरी ओर, इस प्रेस वार्ता के दौरान अधिवक्ता द्वारा दिवंगत अंकिता और उसके मित्र के निजी संबंधों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर समाज के विभिन्न वर्गों में तीव्र प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। प्रबुद्ध वर्ग और आम लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब अदालत गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर फैसला सुना चुकी है, तब एक दिवंगत युवती के चरित्र को सार्वजनिक बहस का विषय बनाकर आखिर क्या साबित करने का प्रयास किया जा रहा है? न्याय की मांग के बीच पीड़िता की गरिमा और सम्मान से हो रहे इस खिलवाड़ पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि पौड़ी जिले के श्रीकोट डोभ गांव की निवासी 19 वर्षीय अंकिता भंडारी यमकेश्वर के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। 18 सितंबर 2022 को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। 24 सितंबर 2022 को चीला बैराज की नहर से उसका शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य, अंकित गुप्ता और सौरभ भास्कर ने उसे नहर में धक्का देकर हत्या की थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला था। लंबी सुनवाई के बाद 30 मई 2025 को अदालत ने तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जबकि 9 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति दी थी।