• Home
  • News
  • Ankita murder case: SIT filed charge sheet of 500 pages! 100 witnesses and more than 30 documentary evidence included, narco test may reveal VIP's name

अंकिता हत्याकाण्डः एसआईटी ने दाखिल की 500 पन्नों की चार्जशीट! 100 गवाह और 30 से ज्यादा दस्तावेजी साक्ष्य शामिल, नार्को टेस्ट में हो सकता है वीआईपी के नाम का खुलासा

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • December 17, 2022 06:12 AM
Ankita murder case: SIT filed charge sheet of 500 pages! 100 witnesses and more than 30 documentary evidence included, narco test may reveal VIP's name

देहरादून। अंकिता हत्याकाण्ड के तीनों आरोपियों के खिलाफ एसआईटी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। 500 पन्नों की इस चार्जशीट में 100 गवाह बनाए गए हैं, वहीं 30 से ज्यादा दस्तावेजी साक्ष्य भी इसमें शामिल किए गए हैं। एडीजी वी मुरुगेशन ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। चार्जशीट आईपीसी की धारा 302, 201, 120बी, 354क और अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत फाइल की गई है। इसमें तमाम वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को शामिल किया गया है। अभी चार्जशीट अभियोजन कार्यालय में भेजी गई है। कोर्ट में सोमवार को चार्जशीट दाखिल होगी। बता दें कि 22 दिसंबर को आरोपियों की गिरफ्तारी के तीन माह पूरे हो रहे हैं। इससे पहले चार्जशीट दाखिल होनी जरूरी थी। इसके बाद अब मुकदमे का ट्रायल शुरू होगा। वहीं, वीआईपी का नाम पता करने के लिए एसआईटी ने आरोपियों के नार्को टेस्ट की अनुमति भी कोर्ट से मांगी। पुलकित और सौरभ भास्कर ने तो हामी भर दी थी। लेकिन, अंकित ने दस दिन का समय मांगा। इसकी सुनवाई 22 को ही होनी है। अब सबकी निगाहें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं। बता दें कि 18 सितंबर को वनंत्रा रिजॉर्ट से पौड़ी निवासी अंकिता भंडारी अचानक गायब हो गई थी। पहले राजस्व पुलिस ने जांच में हीलाहवाली की। इसके बाद मामले की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने 22 सितंबर को खुलासा किया कि नहर में धक्का देकर अंकिता की हत्या कर दी गई है। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को पुलिस ने 22 सितंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था।


संबंधित आलेख: