• Home
  • News
  • Another accident in Nainital: Scorpio carrying tourists plunges into a deep gorge near Khurpatal; five young men and women injured.

नैनीताल में एक और हादसाः खुर्पाताल के पास गहरी खाई में गिरी पर्यटकों से भरी स्कार्पियो! पांच युवक-युवतियां घायल

editor
  • Awaaz Desk
  • August 15, 2026 08:08 AM
Another accident in Nainital: Scorpio carrying tourists plunges into a deep gorge near Khurpatal; five young men and women injured.

नैनीताल। नैनीताल में आज एक और बड़ा हादसा हो गया है, यहां खुर्पाताल क्षेत्र में पर्यटकों से भरी स्कार्पियो गहरी खाई में जा गिरी। हादसा मनसा देवी मंदिर के पास हुआ, जहां मोड़ काटते समय गुजरात नंबर की स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। वाहन में तीन महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई बेहद गहरी और रास्ता फिसलन भरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान एक महिला को गंभीर हालत में बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल भेजा गया। वहीं अन्य घायलों को भी सड़क तक पहुंचाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह लोग झील के सामने स्थित होटल में रुके हुए थे, तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो एक वाहन खाई में गिरा हुआ था। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक महिला को खाई से बाहर निकालने में मदद की। वहीं एसडीआरएफ के अधिकारी ने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन सड़क से करीब 200 से 250 मीटर नीचे खाई में गिरा था और उसमें पांच लोग घायल अवस्था में मिले। सभी पांचों लोगों को रेस्क्यू किया गया। वाहन गुजरात नंबर का था और बताया जा रहा है कि पर्यटक नोएडा से नैनीताल की ओर आ रहे थे। अधिकारी के मुताबिक बारिश और फिसलन के बीच गहरी खाई से घायलों को निकालना काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन एसडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षण और संसाधनों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया।


संबंधित आलेख: