बिहार में एक और भीषण डकैती: गन पॉइंट पर पूरे परिवार को बनाया बंधक, दुकान-घर खंगालकर 40 लाख के जेवर व नकदी लूटे
पटना। बिहार की राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। जिले के भगवानगंज थाना क्षेत्र में देर रात 10 की संख्या में आए हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने 'चांदनी अलंकार' नामक आभूषण दुकान और उसी परिसर में स्थित व्यवसायी के घर में भीषण डकैती डाली। डकैत गन पॉइंट पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 200 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद लूटकर आसानी से फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है। वर्ष 2016 के बाद इस इलाके में यह दूसरी सबसे बड़ी डकैती है, जिससे स्थानीय स्वर्ण कारोबारियों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित आभूषण दुकानदार दीपक सोनी (पिता इंदु सोनी) ने बताया कि रविवार की देर रात करीब 10 नकाबपोश डकैत उनके घर के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाकर अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले अंदरुनी दरवाजे का ताला तोड़ा और सीधे कमरों में घुस गए। अपराधियों ने हथियार चमकाते हुए वहां सो रहे दीपक सोनी, उनकी पत्नी, मां और मासूम बच्चों को गन पॉइंट पर ले लिया और सभी को एक जगह बंधक बना दिया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद बदमाशों ने करीब 40 से 50 मिनट तक पूरे घर और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और अलमारियों व तिजोरियों को खंगाला। चूंकि घर और दुकान एक ही परिसर में स्थित हैं, इसलिए अपराधियों ने दोनों जगहों पर आराम से लूटपाट की। दीपक सोनी ने बताया कि उन्होंने 5 साल पहले ही इस दुकान की शुरुआत की थी, इसके अलावा भगवानगंज बाजार में उनकी एक और दुकान भी है। इतनी बड़ी डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रात में ही सिटी पूर्वी एसपी शैलजा, एसडीपीओ राघव दयाल, मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती और भगवानगंज थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। सिटी एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मातहत अधिकारियों को स्पेशल टीम बनाकर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की कई टीमें आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं ताकि अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। इस मामले में एसपी सिटी पूर्वी शैलजा ने बताया कि भगवानगंज में डकैती की एक गंभीर घटना घटी है। शुरुआती जांच के अनुसार 8 से 10 की संख्या में आए अपराधियों ने करीब 200 ग्राम सोना और नकदी की लूट की है। पूरी घटना की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।