उत्तराखण्ड में फिर सड़क हादसाः रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर देर रात बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर! अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम रुद्रपुर से सामने आया है, यहां कोतवाली क्षेत्रातंर्गत हुए देर रात हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा रुद्रपुर काशीपुर हाईवे पर जफरपुर के पास हुआ। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी हुई है। रुद्रपुर कोतवाली के उप निरीक्षक प्रियांशु जोशी ने बताया कि देर रात पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, वहां घायल अवस्था में पड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि बुजुर्ग व्यक्ति करीब दो साल पहले इस इलाके में आए थे। आसपास के लोग उन्हें सरदार के नाम से जानते थे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार बुजुर्ग को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।