विधानसभा चुनाव 2026: बीजेपी ने केरल और असम में उम्मीदवारों की सूची जारी, चुनावी मुकाबला हुआ तेज
देश के कई राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने केरल और असम में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है। पार्टी ने जहां केरल के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है, वहीं असम में 88 प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर दी है। केरल में बीजेपी ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ धर्मदम सीट से के. रंजीत को मैदान में उतारा है। इसके अलावा मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन को अरनमुला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने कासरगोड से अश्विनी एमएल, एर्नाकुलम से पीआर शिवशंकर, परावुर से वत्सला प्रसन्ना कुमार और कोन्गड से रेणु सुरेश को भी टिकट दिया है। इससे पहले बीजेपी 19 मार्च को 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन को कझाकूटम से उम्मीदवार बनाया गया था। इस बीच पिनाराई विजयन ने भी धर्मदम सीट से नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
केरल में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है। एक ओर बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए है, तो दूसरी ओर कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ और वामपंथी गठबंधन एलडीएफ मैदान में है। कांग्रेस ने भी 55 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने केरल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सन्नी जोसेफ को पेरावुर से, नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन को परावुर से मैदान में उतारा है। वहीं वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन वट्टियूरकावु सीट से चुनाव लड़ेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। उधर, असम में बीजेपी ने 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को जालुकबारी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने दिसपुर से प्रद्युत बोरदोलोई को टिकट दिया है, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा भूपेन कुमार बोराह को बिहपुरा, माधवी दास को बिरसिंग-जरुआ, ज्योत्सना कलिता को चमारिया और नीलिमा देवी को मंगलदाई सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नरेंद्र मोदी,अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इन घोषणाओं के साथ ही केरल और असम में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दल सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की उम्मीद है, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्माएगा।