विधानसभा चुनावः त्रिपुरा में खत्म हुई वोटिंग! 5 बजे तक 76.68 प्रतिशत मतदान, सुबह से ही मतदाताओं में दिखा उत्साह
नई दिल्ली। त्रिपुरा में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम पांच बजे तक चली। खबरों की मानें तो यहां 76.68 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि ये डेटा अभी अपडेट हो सकता है। चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे। इससे पहले 2018 में त्रिपुरा में 90 प्रतिशत मतदान हुआ था और सरकार भाजपा ने बनाई थी। इस बार राज्य में कुल 3,337 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। सिंगल फेज में हुए चुनाव में राज्य की 28.13 लाख जनता ने 259 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया। यह चुनाव 2023 का पहला चुनाव है। उधर भाजपा-कांग्रेस को ट्विटर पर वोटिंग अपील करना भारी पड़ गया। चुनाव आयोग ने दोनों दलों को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में नोटिस भेजा है। भाजपा महासचिव दिलीप सैकिया को भी इस मामले में नोटिस भेजा गया है।