ट्रंप पर जानलेवा हमला: सीक्रेट रूम में असेंबल किया हथियार, चश्मदीद ने बयां की 2500 मेहमानों के बीच मची तबाही की दास्तां
अमेरिकी राजनीति के सबसे हाई-प्रोफाइल आयोजनों में से एक 'व्हाइट हाउस कॉरस्पोंडेंट्स डिनर' उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक सिरफिरे हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। वॉशिंगटन हिल्टन होटल के बॉलरूम में जब लगभग 2500 प्रतिष्ठित मेहमानों को सलाद परोसा जा रहा था, तभी गोलियों की तड़तड़ाहट ने सबको सुन्न कर दिया। इस हमले ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि चश्मदीदों द्वारा किए गए खुलासे बेहद चौंकाने वाले हैं।
कार्यक्रम में वालंटियर के रूप में काम कर रही हेलेन माबुस ने उस खौफनाक मंजर की आंखों देखी रिपोर्ट साझा की है। हेलेन के अनुसार, सुरक्षा में एक भारी चूक का फायदा उठाते हुए हमलावर ने टेरेस लेवल के पास बने एक अस्थायी स्टोर रूम को अपनी शरणस्थली बनाया। इस कमरे का इस्तेमाल बार कार्ट रखने के लिए हो रहा था और वहां कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। हेलेन ने बताया, "वह शख्स कमरे में छिपा हुआ था। मैंने अपनी आंखों से उसे बैग से निकालकर एक लंबा और अजीब सा दिखने वाला हथियार असेंबल करते देखा। जैसे ही उसने हथियार तैयार किया, वह किसी शिकारी की तरह मुख्य बॉलरूम की तरफ दौड़ा। हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में जो सबसे हैरान करने वाला तथ्य सामने आया है, वह यह कि एलन पेशे से एक शिक्षक है और उसे दिसंबर 2024 में 'टीचर ऑफ द मंथ' के सम्मान से नवाजा गया था। पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल के अनुसार, एलन एक 'लोन वुल्फ' (अकेले हमला करने वाला) है। उसके पास से एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद हुए हैं। जैसे ही एलन ने बॉलरूम में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू की, वहां मौजूद मेहमानों में चीख-पुकार मच गई। हेलेन के मुताबिक, हमलावर ने बिना सोचे-समझे हर दिशा में कम से कम 10 राउंड गोलियां चलाईं। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षा घेरे में लिया और वहां से बाहर निकाला। स्थिति इतनी भयावह थी कि कैबिनेट के कई वरिष्ठ सदस्यों और वीआईपी मेहमानों को अपनी जान बचाने के लिए डाइनिंग टेबल के नीचे शरण लेनी पड़ी। डीसी पुलिस के मुताबिक, इस मुठभेड़ में एक कानून प्रवर्तन अधिकारी को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए हमलावर को एक 'सनकी शख्स' करार दिया है। फिलहाल एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इतना सारा असलहा लेकर एक शिक्षक कड़ी सुरक्षा वाले होटल के भीतर पहुंचने में कैसे कामयाब रहा।