नीलामीः आईपीएल 2023 के लिए शुरू हुआ ऑक्शन! सैम करन ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने
नई दिल्ली। केरल के कोच्चि में आईपीएल 2023 की नीलामी आज शुरू हो गयी। इस दौरान इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। वह इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस दौरान 18.50 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने उन्हें खरीदा है। शुक्रवार को 4 घंटे में 37 खिलाड़ी ही खरीदे गए हैं। इनमें 18 विदेशी हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने 206.5 करोड़ में से 139.90 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। अभी फ्रेंचाइजियों के पास 66.6 करोड़ की रकम बची है। IPL नीलामी इतिहास में एक और रिकॉर्ड बना। विकेटकीपर के तौर पर अब तक सबसे महंगे बिकने वाले वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं। उन्हें 16 करोड़ में लखनऊ सुपर जॉयंट्स ने खरीदा। इससे पहले सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विकेटकीपर मुंबई के ईशान किशन (15.25 करोड़) थे। बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर सबसे ज्यादा बोली लगी। उम्मीद के मुताबिक मिनी ऑक्शन में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स सबसे ज्यादा डिमांड में रहे। 30 मिनट में इन ऑलराउंडर्स ने 59 करोड़ रुपए बटोर लिए। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सैम करन को सबसे ज्यादा 18.50 करोड़ रुपए में पंजाब ने खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपए में अपने नाम किया। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपए मिले। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपए में खरीदा। अनकैप्ड खिलाड़ियों के ऑक्शन में जम्मू-कश्मीर के विव्रांत शर्मा पर लगी बोली ने सबको सरप्राइज कर दिया। लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी करने में सक्षम विव्रांत को सनराइजर्स ने 2.6 करोड़ रुपए में खरीदा। अनकैप्ड तेज गेंदबाज शिवम मावी को भी टाइटंस ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा। उनके अलावा बंगाल के पेसर मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ में दिल्ली ने खरीदा।