दुस्साहसः बंगाल में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव! प्रधानमंत्री मोदी ने चार दिन पहले दिखाई थी हरी झण्डी, गेट और विंडो क्षतिग्रस्त
नई दिल्ली। सोमवार देर रात पश्चिम बंगाल के मालदा में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां कुमारगंज रेलवे स्टेशन के पास घटना को अंजाम दिया गया। बता दें कि चार दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई थी। जानकारी के मुताबिक ट्रेन रविवार को न्यू जलपाईगुड़ी से खुली थी। हावड़ा आने के दौरान मालदा स्टेशन के पास अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसके चलते कोच सी-13 का गेट और विंडो क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने घटना को लेकर एनआईए जांच की मांग की है। PM मोदी ने 4 दिन पहले पश्चिम बंगाल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। बंगाल की CM ममता बनर्जी भी इसमें शामिल हुई थीं। ममता के कार्यक्रम में पहुंचते ही हावड़ा स्टेशन पर जबरदस्त ड्रामा भी हुआ था। इसके कुछ दिनों बाद यह घटना सामने आई है। घटना पर बंगाल भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नेता प्रतिपक्ष ने इसे TMC की साजिश बताया है। शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट किया- यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भारत के गौरव वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। क्या यह उद्घाटन के दिन 'जय श्री राम' के नारों का बदला है? मैं PM मोदी और रेल मंत्रालय से इस मामले में NIA जांच करने की मांग करता हूं।