अयोध्याः बिजली गुल होने पर चढ़ा पारा! गुस्साए लोगों ने उपकेन्द्र पर काटा हंगामा, पुलिस के पहुंचने पर शांत हुए लोग
अयोध्या। गर्मी का सीजन शुरू होते ही बिजली की समस्या भी गहराने लगी है। लगातार आ रही समस्या को लेकर लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। बीती रात घोशियना फीडर में बिजली गुल होने से भड़के लोग उपकेंद्र पहुंच गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने तीनों वीआईपी फीडर बंद करवा दिए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए उपकेन्द्र पर मौजूद कर्मचारी मौके से फरार हो गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में पहुंचे कर्मचारियों ने कौशलपुरी फेज 1, 2 व टीपीनगर की आपूर्ति बहाल कराई, जबकि घोशियना, खोजनपुर, बैंक कालोनी, विष्णुपुरी समेत कई इलाकों की बिजली सुबह तीन बजे तक बहाल नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि देर रात एबीसी जल जाने के चलते बिजली गुल हो गयी।