अयोध्याः टीआर पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘स्वर्णिमांचल’ का भव्य आयोजन! सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मेधा सम्मान और नए कैंपस उद्घाटन ने बांधा समां
अयोध्या। टीआर पब्लिक स्कूल, ऐमी आलापुर रसूलाबाद में वार्षिकोत्सव ‘स्वर्णिमांचल’ का भव्य आयोजन किया गया। इस खास अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया, साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के लिए तैयार किए गए आधुनिक कैंपस का उद्घाटन भी धूमधाम से किया गया। यह आयोजन चैत्र नवरात्रि और श्री रामनवमी जैसे पावन अवसर पर हुआ, जिसने कार्यक्रम को और भी दिव्यता प्रदान की। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान प्रकृति का अद्भुत रूप भी देखने को मिला। मानो ग्रीष्म, शीत और वर्षा तीनों ऋतुएं एक साथ इस उत्सव का आनंद लेने पहुंच गई हों। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद और वर्तमान एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महाराजा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकृष्ण मिश्र और देवा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निदेशक सहदेव उपाध्याय मौजूद रहे। इनके अलावा प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. हरि प्रसाद दुबे, पूर्व आर्मी कैप्टन रंजीत दूबे और सेना के जवान विजय दूबे जैसे विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत रही विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पात्रों का जीवंत अभिनय कर दर्शकों का दिल जीत लिया। श्रद्धा और प्रज्ञा ने मां काली और मां दुर्गा के रूप में महिषासुर वध की ऊर्जावान प्रस्तुति दी, जबकि शुभांशी ने कांतारा नृत्य से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

शैलजा ने मां सरस्वती, अतुल ने भगवान शिव और आर्यन ने शहीद मेजर विक्रम बत्रा की भूमिका निभाकर खूब तालियां बटोरीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। आयुषी, अदिति और नव्या ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह से भर दिया। वहीं विद्यालय के छात्र राहुल पाण्डेय ने अपने मधुर गायन से पूरे कार्यक्रम में संगीत का रंग भर दिया। कार्यक्रम का संचालन भी बेहद आकर्षक रहा। श्रद्धा, प्रज्ञा, आंशिका, दिव्यांशी, माही, राधा और अन्य छात्राओं ने अपनी एंकरिंग से दर्शकों को बांधे रखा। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने नए कैंपस का उद्घाटन किया और परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और संयमित जीवन जीने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डीएम त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए घोषणा की कि आगामी सत्र में कुछ मेधावी छात्रों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही विद्यालय ने सभी छात्रों को न्यूनतम शुल्क में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देने का संकल्प भी दोहराया। इस दौरान ध्यानचंद सिंह सिद्धार्थ तिवारी, आलोक यादव, सौरभ बादल, राजेश पांडे, सत्य प्रकाश दुबे, रमाकांत तिवारी, डॉ. केशव राम जयसवाल, अर्चना जायसवाल, सिद्धि, प्रतिभा, ज्योति, आनंद सिंह, संगीता मैम, सारिका श्रीवास्तव, सरिता, रिचा, रेनू, उमरा, दानिश आदि मौजूद रहे।