बड़ा एक्शनः आप को दस दिन में चुकाने होंगे 164 करोड़ रुपए! सूचना एवं प्रसार निदेशालय ने जारी किया नोटिस, भुगतान नहीं किया तो कुर्क होंगी संपत्तियां
नई दिल्ली। राजधानी में सूचना एवं प्रसार निदेशालय ने आम आदमी पार्टी को 163.62 करोड़ रुपए की वसूली का नोटिस जारी किया है। निदेशालय ने दस दिन के अंदर यह पैसा जमा करने को कहा है। खबरों की मानें तो इस राशि में 99.31 करोड़ रुपए मूलधन और 64.31 करोड़ रुपए पेनाल्टी इंटरेस्ट के रूप में शामिल हैं। यह एक्शन दिल्ली एलजी वीके सक्सेना के उस निर्देश पर लिया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य सचिव को 2015-2016 के दौरान राजनीतिक विज्ञापन को सरकारी बताकर पैसे के गलत इस्तेमाल के आरोप पर आम आदमी पार्टी से 97 करोड़ रुपए वसूलने का निर्देश दिया था। बताया जा रहा है कि अगर पार्टी पैसा जमा नहीं करती तो दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पिछले आदेश के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यानी इसके बाद पार्टी की संपत्तियां कुर्क की जा सकती हैं। 164 करोड़ के नोटिस के बाद मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कहा- दिल्ली सरकार के अफसरों पर भाजपा ने केंद्र सरकार के माध्यम से 7 साल से अवैध नियंत्रण कर रखा है। CM अरविंद केजरीवाल जी को मिले नोटिस में लिखा है कि 2016-17 के आसपास दिल्ली सरकार ने दिल्ली के आसपास जो विज्ञापन दिए थे उनकी वसूली अरविंद केजरीवाल जी से की जाएगी और इसके लिए केजरीवाल को कानूनी रूप से धमकी दी है कि आप 163 करोड़ रुपए 10 दिन के अंदर जमा करो नहीं तो संपत्ति कुर्क होगी।