बागेश्वरः पीएनबी के बाहर दूसरे दिन भी दिनेश उपाध्याय का धरना! अपने नाम पर कथित क्लोन खाते खोले जाने का आरोप, बैंक ने दावे को नकारा
बागेश्वर। बागेश्वर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा के बाहर दिनेश उपाध्याय का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। भागीरथी निवासी दिनेश उपाध्याय ग्रामोद्योग विभाग में प्रधान सहायक के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके हैं। उनका आरोप है कि बैंक और भारतीय स्टेट बैंक में उनके नाम से कथित तौर पर क्लोन खाते खोले गए हैं। वह इन खातों की स्थिति स्पष्ट करने और मामले में बैंक की ओर से जानकारी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। दिनेश उपाध्याय का कहना है कि वह अपने वैवाहिक स्टेटस को लेकर भी स्पष्टता चाहते हैं। इसी मांग को लेकर वह बैंक शाखा के बाहर धरने पर बैठे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने धरना समाप्त नहीं किया। वहीं, पीएनबी के शाखा प्रबंधक ने दिनेश उपाध्याय के क्लोन खाते खोले जाने के आरोपों को खारिज किया है। बैंक प्रबंधन की ओर से आरोपों को सही नहीं बताया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच दिनेश उपाध्याय का धरना दूसरे दिन भी जारी है और मामले में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।