• Home
  • News
  • Bageshwar: Female trainers outraged over non-receipt of full payment for 50-day tailoring training; Congress members stage a sit-in at the Labour Department office.

बागेश्वर: 50 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण का पूरा भुगतान नहीं मिलने पर महिला ट्रेनरों में आक्रोश, श्रम विभाग कार्यालय में कांग्रेसियों का धरना

editor
  • Awaaz Desk
  • August 13, 2026 12:08 PM
 Bageshwar: Female trainers outraged over non-receipt of full payment for 50-day tailoring training; Congress members stage a sit-in at the Labour Department office.

बागेश्वर। श्रम विभाग के माध्यम से एनजीओ द्वारा आयोजित 50 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण का पूरा भुगतान नहीं मिलने से महिला ट्रेनरों में नाराजगी है। प्रशिक्षण पूरा होने के बावजूद अपेक्षित भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने श्रम विभाग से बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की। महिलाओं के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी श्रम विभाग कार्यालय पहुंचकर धरना दिया और जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रशिक्षु महिलाओं ने बताया कि उन्हें श्रम विभाग की ओर से एनजीओ के माध्यम से 50 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान आने-जाने, भोजन, कमरे, सिलाई मशीनों सहित अन्य आवश्यक खर्चों का भुगतान किए जाने की बात कही गई थी। महिलाओं के अनुसार उन्होंने निर्धारित अवधि तक प्रशिक्षण का कार्य पूरा किया, लेकिन प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद उन्हें पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया। महिलाओं ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें केवल 10 हजार रुपये का भुगतान किया गया। उनका कहना है कि प्रशिक्षण से जुड़े अन्य खर्चों का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने श्रम विभाग के अधिकारियों से प्रशिक्षण अवधि से संबंधित सभी बकाया खर्चों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। महिलाओं की समस्या सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उनके समर्थन में मोर्चा संभाला। कांग्रेस नेताओं ने श्रम विभाग कार्यालय में धरना देकर विभाग से पूरे मामले में स्पष्ट स्थिति सामने रखने और पात्र महिलाओं का बकाया भुगतान तत्काल करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि प्रशिक्षण के नाम पर महिलाओं से काम लेने के बाद यदि उनका पूरा भुगतान नहीं किया जाता है तो यह गंभीर मामला है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिला ट्रेनरों का बकाया भुगतान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। धरने के दौरान पूर्व विधायक ललित फर्वाण, बालकृष्ण, राजेंद्र टंगड़िया समेत ट्रेनर गंगा पंत, नीरू, प्रेमा देवी, नीमा देवी, काजल, पिंकी बिष्ट, बसंती जोशी, राधा देवी, प्रेमा परिहार, सरिता कांडपाल और कविता आदि मौजूद रहीं। 


संबंधित आलेख: