बागेश्वरः कांडा के धपोलासेरा में सड़क हादसा! युवक की मौत, साथी घायल
बागेश्वर। जिले के कांडा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा धपोलासेरा क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कांडा पुलिस और स्थानीय लोग पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, ग्राम अल्कन्या निवासी 30 वर्षीय शंकर सिंह नगरकोटी पुत्र कृपाल सिंह और 28 वर्षीय राहुल नगरकोटी पुत्र नरेंद्र सिंह नगरकोटी हादसे का शिकार हुए। दुर्घटना में शंकर सिंह नगरकोटी की मौत हो गई। वहीं राहुल नगरकोटी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहुल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। हादसे में युवक की मौत की खबर से उसके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।