• Home
  • News
  • Bageshwar shaken by double murder: Nephew beats uncle and aunt to death with an iron rod! Accused on the run; panic grips the village.

दोहरे हत्याकाण्ड से दहला बागेश्वरः भतीजे ने लोहे की रॉड से पीटकर चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट! आरोपी फरार, गांव में दहशत

editor
  • Awaaz Desk
  • November 02, 2026 05:11 AM
Bageshwar shaken by double murder: Nephew beats uncle and aunt to death with an iron rod! Accused on the run; panic grips the village.

बागेश्वर। बागेश्वर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नरगोड़ी (नरगवाड़ी) गांव में एक भतीजे ने खून के रिश्ते को तार-तार करते हुए अपने ही सगे चाचा और चाची की लोहे की रॉड से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात देर रात की बताई जा रही है। गांव के ही युवक गोविंद बल्लभ खोलिया का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आवेश में आकर गोविंद ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद एक अन्य महिला ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। बैजनाथ के कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला आपसी पारिवारिक विवाद का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।


संबंधित आलेख: