• Home
  • News
  • Bankipur by-election: Major upset in early trends! Prashant Kishor leads in the first round; BJP's Neeraj Kumar Sinha trails.

बांकीपुर उपचुनाव: शुरुआती रुझानों में बड़ा उलटफेर! पहले राउंड में प्रशांत किशोर आगे,बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा पिछड़े

editor
  • Tapas Vishwas
  • August 03, 2026 04:08 AM
Bankipur by-election: Major upset in early trends! Prashant Kishor leads in the first round; BJP's Neeraj Kumar Sinha trails.

पटना। बिहार की बहुचर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतों की गिनती के पहले राउंड में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बढ़त बनाकर चुनावी मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है। पहले राउंड की मतगणना में प्रशांत किशोर 2,225 वोट हासिल कर 862 मतों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज कुमार सिन्हा 1,363 वोट लेकर दूसरे स्थान पर, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता 505 वोट के साथ तीसरे स्थान पर चल रही हैं। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम को 203 वोट मिले हैं। यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद कराया जा रहा है और इसे बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतरे हैं, इसलिए इस सीट का परिणाम उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मतगणना पटना के एएन कॉलेज परिसर में सुबह 8 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी की गई, जिसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू हुई। 422 मतदान केंद्रों पर पड़े वोटों की गिनती 30 चरणों में 14 टेबलों पर की जा रही है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर और आसपास के 300 मीटर क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। 300 से अधिक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। केवल अधिकृत पासधारकों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज, मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग तथा पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज तक आम वाहनों का प्रवेश बंद रखा गया है। प्रत्याशियों, चुनाव अभिकर्ताओं और मीडिया के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उधर, शुरुआती रुझानों से पहले ही भाजपा ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए जश्न की तैयारियां शुरू कर दी थीं। पार्टी की ओर से जीत की खुशी मनाने के लिए दो क्विंटल लड्डू तैयार कराए गए हैं, जिन्हें परिणाम आने के बाद कार्यकर्ताओं और आम लोगों में बांटने की योजना है। अब सभी की नजरें अगले राउंड की मतगणना पर टिकी हैं। शुरुआती बढ़त ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है और यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या प्रशांत किशोर अपनी बढ़त बरकरार रख पाते हैं या भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा वापसी कर 31 वर्षों से इस सीट पर कायम पार्टी का वर्चस्व बचाने में सफल होते हैं।


संबंधित आलेख: