बिहार में रिश्तों का कत्ल: 5 महीने तक नाबालिग भतीजी को हवस का शिकार बनाता रहा कलयुगी चाचा, गर्भवती होने पर खुला खौफनाक राज
गया। बिहार के गया जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पवित्र पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर दिया है। बांके बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में एक कलयुगी चाचा द्वारा अपनी ही सगी नाबालिग भतीजी के साथ पिछले पांच महीनों से लगातार दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित किशोरी गर्भवती हो गई। पीड़िता की शिकायत और परिजनों के आक्रोश के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार,आरोपी चाचा पिछले करीब पांच महीने से डरा-धमकाकर भतीजी का शारीरिक शोषण कर रहा था। लोक-लाज और आरोपी के खौफ के कारण मासूम बच्ची चुपचाप इस प्रताड़ना को सहती रही और उसने किसी से कुछ नहीं कहा। लेकिन जब वह गर्भवती हो गई, तो उसकी शारीरिक स्थिति बदलने लगी। आरोप है कि सच्चाई सामने आने के डर से आरोपी चाचा ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पीड़िता पर चुपचाप गर्भपात (अबॉर्शन) कराने का मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब आरोपी का अत्याचार और उसका दबाव बर्दाश्त से बाहर हो गया, तब डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने माता-पिता को रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। चाचा की इस करतूत को सुनकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस भाई और चाचा पर पूरा परिवार भरोसा करता था, वही घर के भीतर छुपा हुआ भेड़िया निकला। इसके बाद बिना समय गंवाए परिजनों ने मंगलवार को बांके बाजार थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने तुरंत पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। इस शर्मनाक घटना के उजागर होने के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। ग्रामीण और सामाजिक संगठन कलयुगी चाचा की इस घिनौनी हरकत पर थू-थू कर रहे हैं। परिजनों ने रो-रोकर प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी रिश्तों को इस तरह कलंकित करने की हिम्मत न कर सके। पुलिस फिलहाल मामले के सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके।