• Home
  • News
  • Bhawali Vyapar Mandal President Naresh Pandey detained in a rape case; high-voltage drama unfolds amidst police action involving a 'Facebook Live' broadcast and the consumption of poison.

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे दुष्कर्म मामले में हिरासत में, पुलिस कार्रवाई के बीच 'फेसबुक लाइव' और ज़हर पीने का हाई वोल्टेज ड्रामा

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 08, 2026 04:07 AM
Bhawali Vyapar Mandal President Naresh Pandey detained in a rape case; high-voltage drama unfolds amidst police action involving a 'Facebook Live' broadcast and the consumption of poison.

नैनीताल। नैनीताल जिले के भवाली से एक बेहद चौंकाने वाला और हाई वोल्टेज ड्रामे से भरपूर मामला सामने आया है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों के तहत उनके आवास से हिरासत में ले लिया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान तब हड़कंप मच गया जब आरोपी ने हिरासत से बचने के लिए न सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइव आकर पुलिस पर संगीन आरोप मढ़े, बल्कि कथित तौर पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन भी कर लिया। आनन-फानन में पुलिस उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गई, जहाँ से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती ने व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और धोखे से गर्भपात कराने जैसे कई संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने हाल ही में जिला न्यायालय में पीड़िता के बयान 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' की धारा 183 (पूर्व में सीआरपीसी 164) के तहत दर्ज कराए थे। इससे पहले पुलिस ने आरोपी नरेश पांडे से करीब 24 घंटे तक कड़ी पूछताछ भी की थी। खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए आरोपी ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद आरोपी ने हाईकोर्ट की शरण ली थी, जहाँ वर्तमान में मामला विचाराधीन है। कोर्ट से तात्कालिक राहत न मिलने और विवेचना में पुख्ता साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई। देर रात नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी पुलिस की एक संयुक्त टीम साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेने उसके भवाली स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस को देखकर नरेश पांडे ने कमरे के भीतर से ही अपने घर की बालकनी में आकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी। फेसबुक लाइव के दौरान आरोपी ने पुलिस प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली और दावा किया कि पुलिस बिना किसी वारंट के उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची है। नरेश पांडे ने वीडियो में पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता की और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी बदसलूकी की। उन्होंने वीडियो में यह भी दावा किया कि पीड़िता ने कोर्ट में उनके पक्ष में बयान दिए हैं।

वही लाइव वीडियो के आखिरी पलों में आरोपी नरेश पांडे ने कथित रूप से किसी जानलेवा/विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके तुरंत बाद वीडियो अचानक बंद हो गया और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें अपने कब्जे में लिया। विषाक्त पदार्थ के सेवन के कारण नरेश पांडे की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें तुरंत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय, नैनीताल लेकर दौड़ी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी (हायर सेंटर) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहाँ वे पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन गर्भपात और रंगदारी जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह इस मामले में नामजद और वांछित आरोपी हैं। विवेचना के दौरान पुलिस को उनके खिलाफ महत्वपूर्ण और अकाट्य साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और पूछताछ के लिए टीम उनके आवास पर गई थी। विधिक प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्षता के साथ संचालित की जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले और उसके बाद हुए भारी ड्रामे के बाद पूरे भवाली और नैनीताल क्षेत्र में तनाव और चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।


संबंधित आलेख: