भीमताल:सार्वजनिक परिवहन की समस्या को लेकर अखिलेश सेमवाल ने उठाई आवाज, ई-रिक्शा संचालन की मांग
भीमताल। क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की समस्या को देखते हुए व्यापारी नेता, समाजसेवी एवं भाजपा पदाधिकारी अखिलेश सेमवाल ने भीमताल के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन शुरू किए जाने की मांग उठाई है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि भीमताल के कई क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को आवागमन के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने तिकोनिया से डांट, तिकोनिया से चिकित्सालय, तिकोनिया से गोरखपुर चौराहा तथा तिकोनिया से सातताल चौराहा तक ई-रिक्शा संचालन शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इन मार्गों पर ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
सेमवाल के मुताबिक भीमताल क्षेत्र में कई विद्यालय एवं कॉलेज संचालित हैं। इसके अलावा विकास भवन में करीब 26 कार्यालय संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी और आमजन अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण इन लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से भीमताल के प्रमुख मार्गों का सर्वे कर ई-रिक्शा संचालन के लिए उपयुक्त रूट निर्धारित करने तथा आवश्यक अनुमति प्रदान करने की मांग की है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि ई-रिक्शा संचालन से जहां आमजन की आवागमन संबंधी परेशानियां कम होंगी, वहीं छोटे मार्गों पर किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।