भीमतालः सीवर प्लांट का नवीनीकरण और स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद करने की मांग! समाजसेवी बृजवासी ने कुमाऊं आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
भीमताल। सीवर प्लांट का उच्च कोटिय नवीनीकरण, नगर की स्वच्छता सुव्यवस्थित रखने के लिए आधुनिक प्रणाली के आधार पर धरातल में सीवर का स्टेक्चर तैयार कर नव निर्माण किए जाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि भीमताल नगर में शहर के सीवर का फिल्टर प्लांट भीमताल झील से जाने वाले सिंचाई नाले के समीप घटीगाड़ पर बना है, जो भीमताल शहर की सीवर गन्दगी को फिल्टर करने का कार्य करता है। कहा कि प्लांट ओल्ड प्रोसेस का होने के कारण भीमताल शहर की सीवर गन्दगी को ठीक से फिल्टर सप्लाई नहीं कर पा रहा है, जिससे शहर में कई जगह आए दिन सीवर ओवर फ्लू की घटना होती रहती है।
यही नहीं शहरवासियों को सीवर की गन्दगी से जूझना पड़ता है। कहा कि पिछले कई सालों से नगरवासी राज्य सरकार एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भीमताल सीवर प्लांट के उच्च कोटिय नवीनीकरण एवं भीमताल नगर के सभी वार्डो में सुव्यवस्थित सीवर लाइन स्टेक्चर तैयार कर भीमताल की व्यवस्था सुधारने की माँग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। कहा कि आलम यह है कि सीवर प्लांट से घटीगाड़ गधेरे में गन्दगी जा रही है जो आगे जाकर स्थानीय लोगों के खेतों में जा रही है, जिससे ढूँगसिल, बिलासपुर, खेरोला एवं आस-पास के किसान काफी परेशान हैं। लोगों ने कई बार विभाग को अपने खेतो में सिंचाई के पानी में सीवर आने की बात कही लेकिन विभाग रोकथाम करने की बात कहता है परंतु रोकथाम हो नहीं पाती है।
बता दें कि सामाजिक कार्यकर्ता बृजवासी ने पूर्व में मुख्यमंत्री सचिव, कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला को भी भीमताल सीवर प्लांट एवं शहर की सीवर ओवर फ्लू संबंधी समस्या से प्रमुखता से अवगत कराया था जिसपर रौतेला ने संबंधित विभाग को शीघ्र सीवर संबंधित समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया था उसके बाद काफी हद तक विभाग ने भीमताल नगर की सीवर लाईनों की लीकेज संबंधी समस्या पर कार्य किया, लेकिन सीवर प्लांट ओल्ड प्रोसेसिंग का होने के कारण समस्या आज भी ज्यों कि त्यों बनी हुई है।