बड़ा हादसाः जम्मू-कश्मीर के पुंछ में खाई में गिरी बस! 11 लोगों की दर्दनाक मौत, राहत-बचाव में जुटी सेना
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से एक दुखद खबर सामने आ रही है, यहां पुंछ जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में 25 लोग घायल हो गए। सेना बचाव कार्य में लगी हुई है। सभी घायलों को मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मंडी तहसीलदार शहजाद लतीफ ने दी। उन्होंने बताया कि बस मंडी से सवजियां जा रही थी। इस दौरान बस खाई में गिर गई।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी मृतकों के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपए देने की घोषणा की है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि पुंछ के सवजियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं। बता दें कि हाल ही में 31 अगस्त को कटरा से दिल्ली आ रही श्रद्धालुओं से भरी बस का कटरा में एक्सीडेंट हो गया था। इस बस से एक दूसरी बस टकराई गई थी, इस हादसे में 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई थी और 16 श्रद्धालु घायल हो गए थे।
