बड़ा हादसाः यूपी के प्रयागराज में मकान का छज्जा गिरा! मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत, पलभर में मची चीख-पुकार और पसरा मातम
लखनऊ। यूपी के प्रयागराज से एक दुखद खबर सामने आ रही है, यहां मुट्ठीगंज के हटिया पुलिस चौकी के सामने आज एक जर्जर मकान का बारजा गिर गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है जबकि नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल और जीवन ज्योति हास्पिटल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार हटिया पुलिस चौकी के सामने ठाकुर द्वारा ट्रस्ट के मकान में वर्षों से चार परिवार रहते हैं। ऊपर के हिस्से में लोग रहते हैं और नीचे छह दुकानें हैं। बताया जा रहा है कि आज दोपहर बाद जैसे ही बारिश शुरू हुई तो लोग मकान में बने बारजे के नीचे खड़े हो गए। इसके बाद अचानक बारजा भरभराकर नीचे गिर गया। 14 लोग इसके नीचे दब गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मलबे को हटाने लगे। कुछ ही देर में पुलिस, अग्निशमन दल, एसडीआरएफ की टीम पहुंची और फिर मलबे को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर ही एक ही मौत हो गई थी, जबकि चार ने अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया। नौ लोगों को भर्ती कराया गया। इसमें पांच का एसआरएन और चार का रामबाग स्थित जीवन ज्योति हास्पिटल में इलाज चल रहा है।