बड़ा एक्शनः राजधानी में ब्रिटिश हाईकमीशन के सामने बैरिकेड हटाए! लंदन में भारतीय दूतावास पर प्रदर्शन के बाद उठाया बड़ा कदम
नई दिल्ली। ब्रिटेन में भारतीय दूतावास में खालिस्तानी प्रदर्शन के बाद भारत सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। खबरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में ब्रिटिश हाईकमीशन के सामने लगे बैरिकेट्स हटा दिए गए हैं। बता दें कि इन बैरिकेड्स को सुरक्षा व्यवस्था का पहला घेरा माना जाता है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ब्रिटेन व किसी भी दूसरे देश के दूतावासों की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं की गई है, लेकिन इस सांकेतिक कदम को ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है। प्राप्त सूचना के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की तरफ से ब्रिटिश उच्चायुक्त के आवास के सामने लगे बैरिकेड्स को हटाया गया है, जबकि ब्रिटिश उच्चायोग के सामने लगे बैरिकेड्स और पुलिस बंकर को हटा दिया गया है। वहां के करीब के सड़क पर तैनात पुलिस वैन को भी हटा दिया गया है। भारत की तरफ से ब्रिटिश सरकार को लगातार अपने उच्चायोग के सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जताई जा रही है, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ है। खालिस्तान समर्थकों की तरफ से पिछले एक हफ्ते में ही वहां दो बार हिंसक प्रदर्शन किया गया है। पिछले रविवार को खालिस्तान समर्थकों ने उच्चायोग के भवन में लगे भारतीय तिरंगा का भी अपमान किया गया है।