बिग ब्रेकिंगः छत्तीसगढ़ और एमपी के बाद अब राजस्थान पर टिकी नजरें! आज होगा सीएम पद का ऐलान, तेज हुई हलचल
नई दिल्ली। भाजपा ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। इस बीच आज मंगलवार को राजस्थान में विधायक दल की बैठक होनी है। इसी के साथ आज ही राजस्थान के मुख्यमंत्री का भी ऐलान हो जाएगा। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि राजस्थान में बीजेपी वसुंधरा राजे को फिर से मुख्यमंत्री बनाएगी या फिर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह ही राज्य में नए चेहरे पर दांव लगाएगी। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए कई दावेदार हैं। चार सांसद भी विधानसभा चुनाव जीते हैं और वह भी मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित दावेदार हैं। संसद का शीतकालीन सत्र भी चल रहा है। मध्य प्रदेश में बीजेपी ने मोहन यादव को अपना मुख्यमंत्री घोषित किया है तो वहीं छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को पार्टी ने सीएम पद के लिए चुना है। राजस्थान में आज बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। वहीं इस बैठक से पहले पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से जयपुर में मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात दोनों नेताओं के बीच अकेले में होगी।