बिग ब्रेकिंगः खेल मंत्रालय के फैसले के बाद मीडिया से मुखातिब हुए भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह! बोले- हमने भी ले लिया संन्यास, बात खत्म...
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय के फैसले के बाद भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह रविवार को मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने तमाम सवालोें के जवाब दिए। गोंडा में रेसलिंग चैंपियनशिप कराने के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हर फेडरेशन के लोगों ने हाथ खड़ा कर दिया कि हम इसे नहीं चला सकते है। 15-20 साल के बच्चों का भविष्य खराब ना हो इसलिए इस टूर्नामेंट को नंदनीनगर में कराने का फैसला किया गया। चार दिन में टूर्नामेंट कराना था।
देश के 25 के 25 फेडरेशनों ने हाथ खड़े कर दिए और 31 दिसंबर तक यह टूर्नामेंट कराना था। उन्होंने कहा कि हमारे पास नंदनीनगर में सारा इंफ्रास्ट्रक्चर है। सभी फेडरेशनों ने इस पर अपनी सहमति दी। अभी भी मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वो इस टूर्नामेंट को अपनी देखरेख में करा ले। मैंने 12 साल में कैसा काम किया उसका मूल्यांकन मेरा काम करेगा। मैं कुश्ती से सन्यास ले चुका हूं। अब ये चुने हुए लोग अपना फैसला लेंगे। मेरा लोकसभा का चुनाव आ रहा है उसकी तैयारी करनी है।
अब जो नई फेडरेशन आ रही है वो तय करेगी कि उसे कोर्ट जाना है या सरकार से बात करनी है। अपने घर के बाहर लगाए गए पोस्टरों और जेपी नड्डा से मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं मैं कभी भी किसी से मिल सकता हूं। नड्डा जी हमारे नेता है हम उनसे मिलते रहेंगे, लेकिन पहलवानों के संबंध में कुछ बात नहीं हुई है।
मुझे लगा कि इस पोस्टर (दबदबा है, दबदबा रहेगा) में अहंकार की बू आ रही है इसलिए पोस्टर को हटा दिया। नई फेडरेशन को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैंने आपको बता दिया कि मैं 21 दिसंबर को ही कुश्ती से अपना नाता तोड़ चुका हूं। लोकतांत्रिक तरीके से ही सुप्रीम कोर्ट की निगरानी पर सरकार के आदेश से नई बॉडी का चुनाव हुआ है। अब क्या करना है, क्या नहीं, ये नई बॉडी को तय करना है। मैं नए पदाधिकारियों से चाहूंगा कि वो अपने ऑफिस का चुनाव कर लें।