Big Breaking: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका! मिलिंद देवरा ने पार्टी से दिया इस्तीफा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की संभावना
नई दिल्ली। कांग्रेस को आज एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी नेता मिलिंद देवरा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी मिलिंद देवरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है। दक्षिण मुंबई सीट से लोकसभा के पूर्व सदस्य देवरा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रविवार को लिखा कि आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और इसी के साथ पार्टी से मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों तक अटूट समर्थन देने के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा के कांग्रेस पार्टी छोड़ने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी तेज हो गई है। बीते कई दिनों से ये चर्चा थी कि वो एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते है। हालांकि एक दिन पहले शनिवार को मिलिंद देवरा ने इन दावों को खारिज कर दिया था।
कांग्रेस ने किया था कोषाध्यक्ष नियुक्त
देवरा को हाल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। देवरा ने दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) के दावे को लेकर असहमति व्यक्त की थी। अविभाजित शिवसेना के अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में देवरा को हराया था। सावंत अब ठाकरे गुट में शामिल हैं। देवरा एक समय कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख भी थे। वह पार्टी के दिग्गज नेता दिवंगत मुरली देवरा के बेटे हैं।