बिग ब्रेकिंगः धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति! बधाई देने 11 अकबर रोड पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, 725 में से 528 वोट मिले
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं और इसी के साथ एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें जीत की बधाई देने के लिए संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी के आवास 11 अकबर रोड पहुंचे और शुभकामनाएं दी। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी वहां मौजूद रहे। बता दें कि उपराष्ट्रपति के लिए शनिवार शाम 5 बजे वोटिंग खत्म हुई। संसद में दोनों सदनों को मिलाकर फिलहाल 780 सदस्य (राज्यसभा में 8 सीटें खाली) हैं। लेकिन 725 (92.94प्रतिशत) सदस्यों ने ही वोट किया। काउंटिंग में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के कैंडिडेट जगदीप धनखड़ को 528 वोट मिले, जबकि विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले। 15 वोट निरस्त कर दिए गए। धनखड़ 11 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्म हो रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी का भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होना पूरे देश के लिए हर्ष का विषय है। धनखड़ जी अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में निरंतर जनता से जुड़े रहे हैं। जमीनी मुद्दों की बारीकी समझ व उनके अनुभव का उच्च सदन को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।' उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि,' मुझे विश्वास है कि उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति के रूप में जगदीप धनखड़ जी संविधान के एक आदर्श संरक्षक सिद्ध होंगे। उन्हें इस जीत पर बधाई देता हूँ। साथ ही मोदी जी के नेतृत्व में NDA सहयोगियों, अन्य दलों व संसद सदस्यों का धनखड़ जी का समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।
उपराष्ट्रपति चुनाव में शनिवार को करीब 93 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 50 से अधिक सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। अधिकारियों ने बताया कि कुल 780 सांसदों में से 725 सांसदों ने मतदान शाम पांच बजे तक मतदान किया। तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही चुनाव से दूर रहने के फैसले की घोषणा की थी। हालांकि, इसके दो सांसदों शिशिर कुमार अधिकारी और दिब्येंदु अधिकारी ने मतदान किया।