बिग ब्रेकिंगः पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान गिरफ्तार! कोर्ट से धक्के मारते हुए ले गए पाक रेंजर्स, भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में हुई कार्रवाई
नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। खबरों की मानें तो पाकिस्तान रेंजर्स ने उन्हें गिरफ्तार किया है। न्यूज चैनल्स पर दिखाई जा रही वीडियो में बड़ी संख्या में पाकिस्तान रेंजर्स इमरान खान को धक्का देते हुए ले जाते हैं और कार में डाल देते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरान खान के खिलाफ 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं और उनकी गिरफ्तारी भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में हुई है। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट डॉन के अनुसार, पाकिस्तान रेंजर्स ने इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया। इमरान खान की पार्टी PTI के वकील फैसल चौधरी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पाकिस्तान की एक अन्य न्यूज वेबसाइट जीओ टीवी पर दावा किया गया है कि इमरान खान को NAB ने इस्लमाबाद हाई कोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि PTI चेयरमैन को अल-कादिर ट्रस्ट केस में रेंजर्स द्वारा गिरफ्तार किया गया। वह कई मामलों में बेल के लिए आज कोर्ट पहुंचे थे। PTI के वाइस प्रेजिडेंट फवाद चौधरी ने ट्वीट कर बताया था कि इस्लामाबाद हाई कोर्ट रेंजर्स से भर गया है और वकीलों को टॉर्चर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इमरान खान की कार को रेंजर्स ने घेर लिया है। पाकिस्तानी न्यूज चैनल्स पर बताया गया है कि इमरान खान को रेंजर्स अज्ञात स्थान पर ले गए हैं।